RANCHI : गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रांची स्थित बापू वाटिका पहुंचे. यहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों एवं विचारों को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प दोहराया. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज का दिन भारत के इतिहास का एक ऐसा महत्वपूर्ण दिन है, जिसे देश के अस्तित्व तक भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि आज दो महान विभूतियों की जयंती है, जिन्होंने अपने विचारों और कार्यों से देश को नई दिशा देने का काम किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का इतिहास पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है. इस देश में ऐसी महान विभूतियों ने जन्म लिया, जिन्होंने समाज और राष्ट्र का मार्गदर्शन किया. उनके विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और लगातार देश का मार्गदर्शन कर रहे हैं.

आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे आदर्श
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हम उन्हीं महान विभूतियों के दिखाए रास्ते और उनके विचारों को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं. उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे. उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जैसी महान विभूतियां अपने विचारों और कार्यों के जरिए हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगी. गांधी जी का सत्य, अहिंसा और मानवता का संदेश आज भी समाज के लिए महत्वपूर्ण है. मुख्यमंत्री ने गांधी जयंती के अवसर पर लोगों से उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया.
इसे भी पढ़े : त्योहारों में घर जाने वालों के लिए राहत, कोलकाता-प्रतापनगर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
