RANCHI : पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय में कक्षा पांच के छात्र के साथ कक्षा नौ के छात्र द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित छात्र के परिजनों ने पिठोरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई.
परिजनों की शिकायत पर पिलिस ने र्दज की प्राथमिकी
पीड़ित के पिता की शिकायत के अनुसार, आरोपी छात्र ने उनके बेटे को कथित तौर पर डराया-धमकाया और इसके बाद घटना को अंजाम दिया. आवेदन में बताया गया है कि 22 सितंबर को पीड़ित छात्र ने फोन पर रोते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और मामले की जानकारी लेने के बाद पुलिस से शिकायत की.
आरोपी नाबालिग छात्र गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, कथित घटना 21 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की है. शिकायत के आधार पर पिठोरिया थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने मामले में आरोपी नाबालिग छात्र को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है.
सभी पहलुओं की जांच जारी
परिजनों ने स्कूल और हॉस्टल प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद उन्हें और पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी गई. परिजनों ने इस मामले में समय पर जानकारी नहीं दिए जाने को लेकर नाराजगी जताई है. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. साथ ही, घटना की परिस्थितियों और स्कूल प्रबंधन की भूमिका से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है.
