RANCHI : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा में पेपर लीक और कथित फर्जीवाड़े की जांच कर रही CID ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. शुक्रवार देर शाम हुई गिरफ्तारी के बाद शनिवार को चारों को अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया.
परीक्षा में सफल हुए थे चारों आरोपी
CID के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार साव, विजय कुमार तिवारी, आनंद कुमार सिंह और उमेश कुमार राय के रूप में हुई है. चारों JSSC CGL परीक्षा के अभ्यर्थी थे और परीक्षा में सफल भी घोषित किए गए थे.
जांच के दौरान चयन प्रक्रिया में कथित फर्जीवाड़े से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आने के बाद CID ने चारों के खिलाफ कार्रवाई की.
इसे भी पढ़ें : धनबाद में कोयला चोरी पर CM हेमंत की सख्ती, चार दिन में मांगा गया पूरा हिसाब
बड़े नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी CID
चारों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी अब पूरे मामले के नेटवर्क को खंगाल रही है. CID को आशंका है कि गिरफ्तार अभ्यर्थियों के तार पेपर लीक और फर्जीवाड़े से जुड़े किसी बड़े सिंडिकेट से हो सकते हैं.
जांच टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और नेटवर्क का विस्तार कहां तक है. जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां तथा नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
