RANCHI : झारखंड में मानसून की सक्रियता के बीच बारिश का दौर लगातार जारी है. बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर के प्रभाव से राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश हो रही है. मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले कई दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, आज रांची समेत 15 जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इसे लेकर इन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है. इनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, दुमका, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं. राज्य के अन्य जिलों में भी आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
31 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 31 अगस्त को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में भारी बारिश का येलो अलर्ट है.
1 सितंबर को भी होगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 1 सितंबर को लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.2 सितंबर को दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
लगातार बारिश और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है. भारी बारिश वाले जिलों में लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
