RANCHI : धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित गाली-गलौज, धमकी और थाना परिसर में तोड़फोड़ के मामले में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. अब झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी है.
एसोसिएशन के रांची जिला शाखा अध्यक्ष आनंद राज खलखो ने आरोप लगाया कि 21 अगस्त की रात जयराम महतो ने अपने मोबाइल से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सएप कॉल किया था. आरोप है कि बातचीत के दौरान विधायक ने कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया और थाना प्रभारी को धमकी दी. एसोसिएशन का दावा है कि इस मामले में बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 दर्ज किया गया है. 22 अगस्त 2026 को दर्ज इस मामले में जयराम महतो समेत करीब 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस के अनुसार, एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
मर्थकों के साथ थाना पहुंचने का भी आरोप.
पुलिस एसोसिएशन के मुताबिक, 21 अगस्त की रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे थे. इस दौरान थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप है. एसोसिएशन का कहना है कि थाना कार्यालय में रखे सामान को अस्त-व्यस्त किया गया और थाना प्रभारी की नेम प्लेट भी क्षतिग्रस्त की गयी. घटना के बाद बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. पुलिस एसोसिएशन ने पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से जिम्मेदार और मर्यादित आचरण की अपेक्षा की जाती है.
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी जतायी नाराजगी.
रांची जिला शाखा ने यह भी आरोप लगाया है कि विधायक की ओर से सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगातार बयान और वीडियो जारी किए जा रहे हैं. एसोसिएशन का कहना है कि बिना पर्याप्त आधार के पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाने और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल से पुलिस विभाग की गरिमा प्रभावित होती है.
पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग.
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय ने जयराम महतो समेत अन्य आरोपियों की पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है. रांची जिला शाखा ने भी इस मांग का समर्थन किया है. एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से मामले में जल्द कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है.
