RANCHI: मुख्यमंत्री कार्यालय यानी सीएमओ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि धमकी ई-मेल के जरिए दी गई है. हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

इसे भी पढें : दीपावली से पहले हवाई किराया हुआ महंगा, दिल्ली-मुंबई से रांची का टिकट दोगुना
धमकी की सूचना मिलते ही रांची पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं. झारखंड जगुआर की बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वॉड यानी बीडीडीएस टीम को सचिवालय और सीएमओ परिसर में जांच के लिए बुलाया गया.
करीब चार घंटे चला सघन जांच अभियान
सुरक्षा टीम ने सचिवालय और मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर में करीब चार घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान परिसर के अलग-अलग हिस्सों की जांच की गई. राहत की बात यह रही कि तलाशी के दौरान किसी संदिग्ध वस्तु या आपत्तिजनक सामान के मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है.
बताया जा रहा है कि झारखंड विधानसभा को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है.
विधानसभा थाने में दर्ज हुई एफ़आईआर
विधानसभा को धमकी दिए जाने के मामले में विधानसभा के पदाधिकारी की ओर से विधानसभा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस अब धमकी भेजने वाले तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच कर रही है.
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी वाला ई-मेल कहां से भेजा गया, इसे किसने भेजा और इसके पीछे क्या मकसद था. ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान की जांच की जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
धमकी के बाद सचिवालय और मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. सुरक्षा में तैनात जवानों और कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है.
फिलहाल जांच में किसी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु के मिलने की जानकारी नहीं है, लेकिन धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और धमकी की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी है.
