RANCHI : झारखंड में मानसून ने फिलहाल ब्रेक नहीं लिया है. राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में आज भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने कुछ जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट भी जारी किया है.दरअसल, उत्तरी झारखंड और इससे सटे दक्षिण-पश्चिम बिहार के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र आगे बढ़ने के साथ कमजोर जरूर हुआ है, लेकिन बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नम हवाओं ने झारखंड के मौसम में नमी बनाए रखी है. यही वजह है कि सिस्टम कमजोर होने के बावजूद बारिश का सिलसिला जारी है.
इन इलाकों में बारिश और वज्रपात की आशंका
रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम खराब होने पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.वहीं, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है.
190 MM बारिश से पतरातू सबसे आगे
बीते 24 घंटे में रामगढ़ के पतरातू में सबसे ज्यादा 190 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. रांची के भी अलग-अलग इलाकों में बुधवार को बारिश हुई. ओरमांझी में करीब 12.1 मिलीमीटर बारिश का अनुमान है. दक्षिणी झारखंड और कोल्हान में हाल की भारी बारिश के बाद कई जगह जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. 19 अगस्त को पश्चिमी सिंहभूम और चाईबासा के आसपास बारिश का असर खास तौर पर देखने को मिला.
22 अगस्त से फिर तेज हो सकता है मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक अभी बारिश से पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं. 22 अगस्त से मानसून की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं, जिसके बाद राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर दोबारा तेज होने की संभावना है.रांची में इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.
