Vijay Thakur Ranchi:झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा में सामने आई कथित गड़बड़ियों की जांच के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने 17 अधिकारियों की विशेष जांच टीम गठित की है। टीम का नेतृत्व अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) मनोज कौशिक करेंगे। पुलिस मुख्यालय ने जांच को गंभीरता से लेते हुए कई वरिष्ठ IPS अधिकारियों को भी टीम में शामिल किया है।
17 अधिकारियों की टीम करेगी जांच
गठित विशेष जांच टीम में IG अनूप बिथेरे, DIG वाइएस रमेश समेत IPS अधिकारी निधि द्विवेदी, पूज्य प्रकाश, रोशन गुड़िया, सौरभ और श्रुति सहित कुल 17 अधिकारी शामिल हैं। टीम परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं की गहनता से जांच करेगी।
जांच के दौरान परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं, सामने आई शिकायतों और कथित गड़बड़ियों की पड़ताल की जाएगी। इसके साथ ही मामले से जुड़े लोगों और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।
DGP के निर्देश पर जांच में तेजी
बताया जा रहा है कि झारखंड के DGP तदास मिश्रा CGL मामले को लेकर गंभीर हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर गठित यह विशेष टीम मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी।
परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों के बीच भी सवाल उठे हैं। ऐसे में 17 सदस्यीय विशेष जांच टीम के गठन के बाद मामले की जांच तेज होने की उम्मीद है। अब जांच टीम की रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो सकेगा कि परीक्षा में वास्तव में किस स्तर पर अनियमितताएं हुईं और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
इसे भी पढ़े :राजाभीठा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1.4 किलो गांजा और 76 पीस सॉल्यूशन बरामद
