Ranchi : झारखंड में छात्रों का आंदोलन खत्म होने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने खुशी जताई है. कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की पहल का स्वागत किया है.राकेश सिन्हा ने कहा कि छात्रों का आंदोलन खत्म कराने में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार की पहल की अहम भूमिका रही. उन्होंने झारखंड के छात्रों की ओर से राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई और धन्यवाद दिया.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं. भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता जरूरी है और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए.
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि सरकार ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान निकालने की कोशिश की है. आंदोलन का खत्म होना छात्रों के संघर्ष की हार नहीं, बल्कि बातचीत और लोकतांत्रिक तरीके से समाधान की जीत है.
उन्होंने कहा कि अब सरकार की जिम्मेदारी है कि छात्रों से किए गए वादों और दिए गए आश्वासनों को समय पर पूरा किया जाए. JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित हों, ताकि अभ्यर्थियों का व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे.
राकेश सिन्हा ने कहा कि झारखंड के युवाओं का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण है. कांग्रेस यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार के साथ खड़ी रहेगी कि योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिले और किसी भी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार के कारण उनके भविष्य को नुकसान न पहुंचे.
उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने वाले छात्रों को भी बधाई दी. राकेश सिन्हा ने कहा कि छात्रों की एकजुटता ने सरकार का ध्यान भर्ती परीक्षाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों की ओर खींचा है. कांग्रेस आगे भी छात्रों की जायज मांगों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी.
