GUMLA : डुमरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन JJMP के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 5 लाख रुपये के इनामी सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
सूचना के बाद जंगल में चलाया गया अभियान
पुलिस के अनुसार, रामदेव लोहरा डुमरी इलाके के अकासी और जयरागी गांव के आसपास सक्रिय था. उसके इलाके में मौजूद होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान रामदेव लोहरा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया.

एरिया कमांडर भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में रामदेव लोहरा के अलावा अरविंद नायक, मुनेश्वर सिंह और जितेंद्र लोहरा शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, अरविंद नायक को JJMP का एरिया कमांडर बताया जा रहा है.
AK-56 और SLR समेत हथियार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास से AK-56, SLR और एक सेमी ऑटोमेटिक राइफल बरामद की है. इसके अलावा बड़ी संख्या में गोलियां, वॉकी-टॉकी, आठ मोबाइल फोन, वाई-फाई डोंगल और JJMP से जुड़े पर्चे भी बरामद किए गए हैं.
पूछताछ में खुलेगा संगठन का नेटवर्क
गिरफ्तार चारों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है. पूछताछ के जरिए संगठन के दूसरे सदस्यों, हथियारों की सप्लाई और डुमरी इलाके में JJMP की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है.
इसे भी पढ़े :.JSSC CGL गड़बड़ी की जांच तेज, पत्थलगड्डा के BSO तेजनारायण पंडित CID की हिरासत में
