RANCHI:JSSC-CGL समेत टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की घोषणा के बाद राजधानी रांची में देर रात अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिलीं। एक ओर आंदोलनरत छात्रों और उनके समर्थकों ने अल्बर्ट एक्का चौक पर जश्न मनाकर सरकार के फैसले का स्वागत किया, तो दूसरी ओर झारखंड मंत्रालय के बाहर चयनित और वर्तमान में कार्यरत अभ्यर्थियों ने परीक्षा रद्द किए जाने का विरोध किया।
जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पिछले 24 दिनों से आंदोलन चल रहा था। इसी बीच सोमवार देर शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने JSSC-CGL सहित टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की।
अल्बर्ट एक्का चौक पर छात्रों ने मनाया जश्न
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद आंदोलनकारी छात्र और उनके समर्थक अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। यहां छात्रों ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए जश्न मनाया। छात्रों ने इसे लंबे समय से चल रहे आंदोलन की बड़ी उपलब्धि बताया।
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर वे लगातार आवाज उठाते रहे हैं। परीक्षा रद्द करने के सरकार के फैसले से उन्हें न्याय की उम्मीद जगी है।
मंत्रालय के बाहर 300 से अधिक अभ्यर्थियों का विरोध
वहीं, झारखंड मंत्रालय के बाहर 300 से अधिक चयनित और वर्तमान में कार्यरत अभ्यर्थियों ने JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि अगर परीक्षा में अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
अभ्यर्थियों का कहना है कि पूरी परीक्षा रद्द किए जाने से उन उम्मीदवारों का भविष्य प्रभावित होगा, जिन्होंने ईमानदारी से परीक्षा पास कर चयन हासिल किया है। उनका तर्क है कि कुछ लोगों की गलती की सजा सभी अभ्यर्थियों को नहीं मिलनी चाहिए।

एक फैसले पर दो तरह की प्रतिक्रिया
JSSC-CGL रद्द करने के फैसले के बाद राजधानी में एक ही समय पर दो अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिलीं। आंदोलनकारी छात्र इसे अपनी जीत मानकर जश्न मनाते दिखे, जबकि चयनित और कार्यरत अभ्यर्थी अपने भविष्य को लेकर चिंतित नजर आए।
अब इस पूरे मामले में सरकार के अगले कदम और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर होने वाले निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हैं।
इसे भी पढ़े :JSSC-CGL परीक्षा रद्द, देवेंद्र महतो ने तोड़ा अनशन; सोनम वांगचुक ने दी बधाई
