RANCHI: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड यानी TDPL के जरिए आयोजित कराई गई JPSC और JSSC की परीक्षाओं की जांच की जाएगी. जानकारी के अनुसार, जांच पूरी करने के लिए 90 दिनों का लक्ष्य रखा गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि किसी परीक्षा को रद्द किया जाएगा या फिर उसमें किसी अन्य तरह की कार्रवाई की जरूरत है. ऐसे में इन परीक्षाओं से जुड़े हजारों अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है.
JPSC की 13 परीक्षाएं जांच के दायरे में
जानकारी के अनुसार, JPSC की TDPL के जरिए आयोजित कराई गई 13 परीक्षाएं जांच के दायरे में हैं. इनमें 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा, 11वीं, 12वीं और 13वीं JPSC परीक्षा के अलावा JET, असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर, सिविल जज, फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर और असिस्टेंट कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट समेत अन्य भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं.
14वीं JPSC परीक्षा पहले ही रद्द
14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा को सरकार पहले ही रद्द करने का फैसला ले चुकी है. वहीं 11वीं, 12वीं और 13वीं JPSC परीक्षा समेत अन्य परीक्षाओं को लेकर जांच के बाद ही आगे का फैसला किया जाएगा.
JSSC की 5 परीक्षाएं भी जांच में
JSSC की ओर से TDPL के जरिए आयोजित कराई गई पांच परीक्षाएं भी जांच के दायरे में बताई गई हैं. इनमें CGL 2023, टेक्निकल ग्रेजुएट लेवल, फील्ड वर्कर, फॉरेस्ट गार्ड और PGT शिक्षक भर्ती परीक्षा शामिल हैं. इस तरह JPSC की 13 और JSSC की 5 यानी कुल 18 परीक्षाओं की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है.
TDPL को JSSC की सूची से हटाया गया था
जानकारी के अनुसार, JSSC ने 20 मई 2025 को TDPL को अपनी सूची से हटा दिया था. अब TDPL के जरिए कराई गई परीक्षाओं की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन परीक्षाओं में अनियमितता हुई और किन मामलों में आगे की कार्रवाई की जरूरत है.
90 दिन में रिपोर्ट आने की उम्मीद
फिलहाल जांच प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और करीब 90 दिनों में रिपोर्ट आने की उम्मीद जताई जा रही है. रिपोर्ट सामने आने के बाद ही परीक्षाओं की स्थिति और अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर तस्वीर साफ होगी
इसे भी पढ़े : जंगल में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, JJMP का इनामी कमांडर पकड़ा गया
