RANCHI : झारखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अर्द्धवार्षिक परीक्षा के लिए अब दिसंबर तक इंतजार करना होगा. कक्षा 1 से 8वीं तक की परीक्षा 14 दिसंबर से शुरू होगी. खास बात यह है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 की यह परीक्षा सितंबर में होनी थी, लेकिन अब इसका आयोजन दिसंबर में किया जा रहा है. झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (JCERT) ने बुधवार को परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है. JCERT के निदेशक शशि रंजन ने सभी जिलों को इस संबंध में निर्देश भेजे हैं. जारी कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा 14, 15 और 16 दिसंबर को दो पालियों में आयोजित की जाएगी.
तीन दिनों तक चलेगी परीक्षा, जानिए किस क्लास का कैसा होगा एग्जाम
अर्द्धवार्षिक परीक्षा में कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थी शामिल होंगे. परीक्षा का पैटर्न कक्षाओं के अनुसार अलग-अलग रखा गया है. कक्षा 1 और 2 के बच्चों को मौखिक परीक्षा देनी होगी, जबकि कक्षा 3 से 8वीं तक के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी. दोनों पालियों के बीच बच्चों को मध्याह्न भोजन यानी मिड-डे मील भी दिया जाएगा.
किन-किन स्कूलों के विद्यार्थी होंगे शामिल?
यह परीक्षा सिर्फ सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगी. राज्य के सहायता प्राप्त और अल्पसंख्यक विद्यालयों के विद्यार्थी भी इसमें शामिल होंगे. इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय और मॉडल स्कूलों में भी परीक्षा आयोजित की जाएगी.
9 जनवरी तक जारी करना होगा रिजल्ट
परीक्षा खत्म होने के बाद कॉपियों की जांच के लिए भी समय निर्धारित कर दिया गया है. 18 दिसंबर से 24 दिसंबर तक विद्यालय स्तर पर उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा. इसके बाद सभी स्कूलों को 9 जनवरी 2027 तक परीक्षा परिणाम जारी करना होगा.
सितंबर की परीक्षा दिसंबर में क्यों?
गौरतलब है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत अप्रैल महीने में हुई थी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अर्द्धवार्षिक परीक्षा सितंबर में होनी थी. हालांकि, अब JCERT ने दिसंबर में परीक्षा कराने का कार्यक्रम जारी किया है. ऐसे में परीक्षा अपने निर्धारित समय से करीब तीन महीने बाद आयोजित होगी. अब विद्यार्थियों को दिसंबर में होने वाली परीक्षा की तैयारी के लिए जुटना होगा. वहीं, निर्धारित समय पर मूल्यांकन और रिजल्ट जारी करना स्कूलों के लिए भी अहम होगा.
इसे भी पढ़े : झारखंड में ठंड के बीच बारिश का अलर्ट, 20 और 21 नवंबर को इन जिलों में होगी बारिश
