DHANBAD : धनबाद पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल करते हुए प्रिंस खान गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को हथियार और जिंदा बम के साथ गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी एक स्थानीय जमीन कारोबारी और होटल व्यवसायी की हत्या की साजिश रच रहे थे.
इसे भी पढ़ें : लोकतंत्र19 के सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष घिरे, वायरल वीडियो में टमाटर फेंकते दिखे भाजयुमो अध्यक्ष शशांक राज
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बीआईटी पॉलिटेक्निक के समीप जंगल क्षेत्र में गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी और शोएब कुरैशी हथियारों के साथ मौजूद हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं.
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी के पास से दो जिंदा बम, मेड इन इटली अंकित एक अवैध पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए. वहीं शोएब कुरैशी के पास से KING KGF अंकित एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रिंस खान गिरोह से जुड़े हुए हैं और एक स्थानीय जमीन कारोबारी एवं होटल व्यवसायी की हत्या करने के उद्देश्य से वहां एकत्र हुए थे. पुलिस के अनुसार गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी ने यह भी बताया कि वह व्हाट्सएप के माध्यम से गोपी खान और प्रिंस खान के लगातार संपर्क में था.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती पर रोक, 6,524 पदों पर अब विवि सेवा आयोग करेगा नियुक्ति
