RANCHI : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने डिजिटल झारखंड के सपने को साकार करने के लिए राज्य के सभी पंचायतों तक 5G नेटवर्क पहुंचाने और साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने का निर्देश दिया है. बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विभिन्न डिजिटल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की.
इसे भी पढ़ें : NEET पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन कल, रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय का होगा घेराव
बैठक का उद्देश्य :
बैठक में डिजिटल झारखंड विजन-2029, आईटी पार्क निर्माण, स्टेट डेटा सेंटर के सुदृढ़ीकरण, ई-गवर्नेंस सेवाओं और चीफ मिनिस्टर डेटा इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म के विकास पर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने सभी विभागों और जिलों में आईटी अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि तकनीक का लाभ राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने झारखंड डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यों की समीक्षा करते हुए राज्यभर के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की मैपिंग कराने और इंटरनेट शैडो क्षेत्रों की पहचान कर वहां नेटवर्क विस्तार करने को कहा. उन्होंने अगले तीन वर्षों में सभी पंचायतों तक 5G नेटवर्क पहुंचाने का लक्ष्य तय करने का निर्देश दिया.

मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने और सरकारी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर जोर दिया.बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना की प्रगति की भी जानकारी दी. इसमें पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों, जांच प्रक्रिया और लाभुकों को किए जा रहे आधार आधारित भुगतान की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया.
इसे भी पढ़ें : झारखंड के पारा शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी, JSSC ने 7,299 सहायक आचार्य पदों पर निकाली भर्ती
