RANCHI : झारखंड में 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है. परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में आज भाजपा और भाजयुमो JPSC कार्यालय का घेराव करेंगे. प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.
इसे भी पढ़ें : कांग्रेस नौटंकीबाज पार्टी है, बंद करे अपनी नौटंकी : आदित्य साहू
भाजपा कार्यकर्ता जयपाल सिंह स्टेडियम से मार्च निकालकर JPSC कार्यालय पहुंचेंगे और वहां धरना-प्रदर्शन करेंगे. प्रशासन ने JPSC कार्यालय और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग कर दी है. DSP, इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को भी तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे.
भाजपा और भाजयुमो का आरोप है कि 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं. संगठन का कहना है कि परीक्षा विवाद से हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है. भाजपा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
इधर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर CID और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने JPSC कार्यालय और परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी TDPL के ठिकानों पर छापेमारी की है. जांच के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की गई और कई लोगों से पूछताछ की गई.
जांच के केंद्र में TDPL कंपनी का मार्केटिंग मैनेजर मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय कुमार तिवारी है. आरोप है कि वह जालसाजी के जरिए कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होता रहा और टॉप रैंक हासिल करता था. कंपनी और कुछ अधिकारियों पर पेपर लीक, OMR शीट में हेरफेर, डिजिटल छेड़छाड़, आपराधिक साजिश और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
इसे भी पढ़ें : आज कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
