रांची : रांची स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में गुरुवार को आदिवासी छात्र संघ के बैनर तले छात्रों ने खेल विभाग के एक शिक्षक के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी छात्रों ने फिजिकल टीचर परमेश्वर महतो पर महिला खिलाड़ियों के साथ कथित छेड़छाड़ और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए.इन आरोपों के विरोध में छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया और पुतला दहन किया.

महिला खिलाड़ियों से कथित छेड़छाड़ का आरोप
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि खेल विभाग के फिजिकल टीचर परमेश्वर महतो महिला खिलाड़ियों के साथ कथित रूप से अनुचित व्यवहार करते हैं. छात्रों का कहना है कि इस वजह से महिला खिलाड़ियों के बीच भय का माहौल है और वे खुलकर खेल गतिविधियों में भाग लेने में असहज महसूस करती हैं. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
इसे भी पढे : रांची में अवैध शराब फैक्ट्री पर छापा, राजद नेता सुबोध राय समेत तीन गिरफ्तार
खिलाड़ियों से अवैध वसूली का भी आरोप
प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि खिलाड़ियों की सुविधाओं और प्रशिक्षण के लिए विश्वविद्यालय की ओर से बजट उपलब्ध कराया जाता है. इसके बावजूद खिलाड़ियों से कथित रूप से अतिरिक्त राशि ली जाती है. छात्रों ने इस कथित वसूली की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
मुख्य द्वार पर ताला, नारेबाजी और पुतला दहन
अपनी मांगों के समर्थन में आदिवासी छात्र संघ के सदस्यों ने विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया और परिसर में नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने खेल विभाग के संबंधित शिक्षक तथा विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला दहन कर प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया.
पद से हटाने की मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कराए जाने तक संबंधित फिजिकल टीचर को उनके पद से हटाया जाए.उनका कहना है कि इससे महिला खिलाड़ी बिना किसी भय के खेल गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगी.
छात्रों ने यह भी कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
विश्वविद्यालय प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
समाचार लिखे जाने तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था.
फिलहाल छात्रों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हो सकी है. विश्वविद्यालय प्रशासन या संबंधित शिक्षक का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
इसे भी पढे : डोभा का गंदा पानी पीने को मजबूर दुमका के पहाड़िया परिवार,जलमीनार बंद और चापाकल खराब
