रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान में भाग लेते हुए अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया. इस दौरान उन्होंने राज्य के पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने विवरण का सत्यापन कराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.

मुख्यमंत्री ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में फॉर्म भरा. उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा किया.
मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना आवश्यक है.
इसे भी पढे : उदित राज की संदिग्ध मौत मामला : 30 दिन से धरने पर बैठे माता-पिता , जयराम महतो ने दिया समर्थन
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में सही विवरण दर्ज होना और उसका समय-समय पर सत्यापन होना जरूरी है.
बीएलओ ने पूरी कराई फॉर्म भरने की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री के अनुसार, 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) ने उनके एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराई. इस दौरान निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं.
लोगों से अभियान में शामिल होने की अपील
मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से अपील की कि वे स्वयं समय पर अपना फॉर्म भरें और अपने परिवार, पड़ोस तथा अन्य पात्र मतदाताओं को भी मतदाता सूची के सत्यापन के लिए प्रेरित करें.उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सकेगा.
घर-घर पहुंच रहे हैं बीएलओ
राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित कर रहे हैं. इसके साथ ही मतदाताओं के विवरण का सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे और पात्र मतदाताओं का नाम सही रूप से दर्ज हो सके.
कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ सह अपर समाहर्ता (एडीएम) धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
इसे भी पढे : डीएसपीएमयू में खेल विभाग के शिक्षक पर गंभीर आरोप,आदिवासी छात्र संघ का प्रदर्शन
