BOKARO : झारखंड के बोकारो जिले में जंगली फल खाने के बाद सात लड़कियां अचानक बीमार पड़ गईं. घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और सभी बच्चियों को तुरंत बेरमो सब डिवीजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इसे भी पढ़ें : झारखंड के चार पारंपरिक उत्पादों को मिला GI टैग, वैश्विक पहचान की ओर बढ़े कदम
डॉक्टरों के अनुसार सभी का इलाज किया गया है और उनकी हालत अब स्थिर है.स्थानीय लोगों के मुताबिक, लड़कियां खेलते समय भंडारीया नामक जंगली फल खा बैठीं.फल खाने के कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने लगी. इसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे.
एक बच्ची की मां ने बताया कि उनके घर के पास इस जंगली फल का पौधा लगा हुआ है. जब उन्होंने पौधे को देखा तो उसके फल फेंक दिए और बच्चों को इन्हें नहीं खाने की चेतावनी भी दी थी. बाद में पता चला कि बच्चों को उल्टी और चक्कर आने लगे हैं. इसके बाद सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
बेरमो एसडीएच की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनीता मुर्मू ने बताया कि सभी सातों बच्चियों को प्राथमिक उपचार दिया गया. इनमें से दो लड़कियों की स्थिति को देखते हुए बेहतर निगरानी और इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल रेफर किया गया है.
घटना की जानकारी मिलने पर बेरमो के बीडीओ मुकेश कुमार अस्पताल पहुंचे. उन्होंने डॉक्टरों से बच्चियों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और परिजनों को प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया.
इसे भी पढ़ें : 14 दिनों से लापता रांची का अर्जुन पुरी में मिला, जुड़वा भाई करण और दोस्त शिवा की तलाश जारी
