DELHI : NEET UG 2026 री-एग्जाम देने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा प्रक्रिया में अहम बदलाव किए हैं. नए बदलावों के तहत अब छात्रों को परीक्षा के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा. इसके साथ ही रफ वर्क के लिए पहले से ज्यादा जगह भी उपलब्ध कराई जाएगी.
इसे भी पढ़ें : न्यूज़क्लिक को बड़ी राहत, दिल्ली हाई कोर्ट ने FIR और ED जांच की रद्द
NTA के अनुसार, 21 जून 2026 को होने वाली NEET UG री-एग्जाम दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी. यानी परीक्षा की कुल अवधि 195 मिनट या 3 घंटे 15 मिनट होगी. पहले परीक्षा 3 घंटे की होती थी. अतिरिक्त समय में अटेंडेंस शीट पर हस्ताक्षर, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और अन्य जरूरी औपचारिकताएं शामिल हैं.
इस बार प्रश्न पत्र बुकलेट में रफ वर्क के लिए कुल 4 पेज दिए जाएंगे. पहले केवल 2 पेज मिलते थे. इनमें 2 पेज शुरुआत में और 2 पेज बुकलेट के अंत में होंगे. यह सुविधा विशेष रूप से लेफ्ट-हैंडेड छात्रों को ध्यान में रखकर जोड़ी गई है, ताकि वे अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी पेज का उपयोग कर सकें.
NTA का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य परीक्षा को अधिक छात्र-अनुकूल बनाना और उम्मीदवारों के अनुभव को बेहतर बनाना है. एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड और सूचना बुलेटिन में दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें. NEET UG 2026 री-एग्जाम के एडमिट कार्ड जल्द जारी किए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें : आम तोड़ने से किया मना तो , बच्चे ने लगा ली फांसी
