RANCHI : जापान के काकामीगाहारा में आयोजित अंडर-18 एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाले झारखंड के आठ हॉकी खिलाड़ी मंगलवार को रांची पहुंचे. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए खेल प्रेमियों, परिजनों, कोचों और हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों की भारी भीड़ जुटी. खिलाड़ियों के एयरपोर्ट पहुंचते ही पूरा माहौल उत्साह और गर्व से भर गया. ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और पारंपरिक स्वागत के बीच खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया. इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “हॉकी जिंदाबाद” के नारों से एयरपोर्ट परिसर गूंज उठा. दिल्ली में आयोजित हॉकी इंडिया के सम्मान समारोह में शामिल होने के बाद सभी खिलाड़ी अपने गृह राज्य लौटे थे.
इसे भी पढ़े : धनबाद घटना पर आजसू का बड़ा ऐलान, 22 जून को निकलेगा आक्रोश मार्च

रांची लौटने पर खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत
जापान में 29 मई से 6 जून तक आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया. दोनों टीमों की इस सफलता में झारखंड के खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही. भारतीय पुरुष टीम में झारखंड के आशीष तनी पूर्ति और प्रेमचंद शामिल थे. आशीष तनी पूर्ति ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाया और कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में टीम की जीत के सूत्रधार बने. वहीं प्रेमचंद ने भी अपने प्रभावी प्रदर्शन से स्वर्ण पदक जीतने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
इसे भी पढ़े : जंगल की हुंकार से कांप उठा अंग्रेजी साम्राज्य, जानिए बिरसा मुंडा की संघर्ष गाथा
महिला टीम में झारखंड की संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, सुगन सांगा, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और श्रुति कुमारी शामिल थीं. इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई.खिलाड़ियों के स्वागत समारोह के दौरान हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि यह झारखंड के लिए गौरव का क्षण है. उन्होंने कहा कि राज्य की धरती लंबे समय से देश को उत्कृष्ट हॉकी खिलाड़ी देती रही है और इन युवा खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है.उन्होंने कहा कि अंडर-18 एशिया कप में झारखंड के आठ खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन होना ही बड़ी उपलब्धि है. पुरुष टीम का स्वर्ण और महिला टीम का कांस्य पदक जीतना राज्य के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा. हॉकी झारखंड भविष्य में भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देता रहेगा.
विजय शंकर सिंह ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता राज्य के हजारों युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी. आने वाले समय में झारखंड के और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे.इस अवसर पर हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, अशोक भगत, आश्रिता लकड़ा, दशरथ महतो, हॉकी कोच करुणा पूर्ति, दूलारी टोपनो, मनीष सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे. सभी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
