RANCHI : धनबाद में आजसू नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कथित पुलिस बर्बरता के विरोध में आजसू पार्टी ने बड़ा आंदोलन करने का निर्णय लिया है. बोकारो में आयोजित पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में 22 जून को धनबाद में आक्रोश मार्च निकालने का ऐलान किया गया. इसके साथ ही संगठन विस्तार को लेकर महिला और युवा सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा भी की गई.
इसे भी पढ़े : जंगल की हुंकार से कांप उठा अंग्रेजी साम्राज्य, जानिए बिरसा मुंडा की संघर्ष गाथा

22 जून को निकलेगा आक्रोश मार्च
बोकारो में हुई केंद्रीय समिति की बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी सहित केंद्रीय और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक में संगठन की मजबूती, राज्य के समसामयिक राजनीतिक हालात, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने बताया कि 5 जुलाई को रांची में महिला सम्मेलन आयोजित होगा, जबकि 7 और 8 अगस्त को जमशेदपुर में युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पार्टी लगातार प्रयासरत है.
वहीं, केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने धनबाद की घटना को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हुआ है, जिससे कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों में भी आक्रोश है. सुदेश महतो ने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए 22 जून को धनबाद में स्थापना दिवस और बलिदान दिवस के अवसर पर आक्रोश मार्च निकाला जाएगा. उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी जनहित और जनसरोकार के मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी.
पार्टी नेताओं ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को और मजबूत करने तथा राज्यभर में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में काम किया जाएगा.
