Ranchi : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दो सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस बार मुकाबले में तीन उम्मीदवार मैदान में हैं. जेएमएम ने बैजनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है, कांग्रेस ने प्रणव झा पर भरोसा जताया है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर परिमल नाथवाणी ने नामांकन दाखिल किया है.संपत्ति के मामले में परिमल नाथवाणी सबसे आगे हैं। उनके पास लगभग 755 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं बैजनाथ राम और प्रणव झा भी करोड़पति उम्मीदवारों में शामिल हैं.
इसे भी पढ़े : एशिया कप में चमके झारखंड के सितारे, रांची लौटने पर खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत

बैजनाथ, प्रणव और नाथवाणी के खिलाफ दर्ज नहीं है कोई केस
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के दौरान तीनों प्रत्याशियों ने शपथपत्र के जरिए अपनी जानकारी सार्वजनिक की है. हलफनामे के अनुसार किसी भी उम्मीदवार के खिलाफ कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है। हालांकि संपत्ति के मामले में तीनों के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला है.
755 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं परिमल नाथवाणी
निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवाणी अरबपति उम्मीदवार हैं. उनके शपथपत्र के अनुसार उनके पास कुल 755 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है. उन्होंने करीब 338 करोड़ रुपये शेयर और बॉन्ड में निवेश किए हैं। वहीं उनकी पत्नी के नाम 13.67 करोड़ रुपये के गहने दर्ज हैं. हलफनामे के मुताबिक उन पर 256 करोड़ रुपये का कर्ज भी है.
दो सेट के साथ मैदान में उतरे परिमल नाथवाणी
परिमल नाथवाणी ने दो सेटों में नामांकन दाखिल किया है, जिसमें भाजपा और एनडीए के 20 विधायक प्रस्तावक बने.
बैजनाथ राम के पास 4.55 करोड़ रुपये की संपत्ति
राज्यसभा चुनाव के लिए जेएमएम उम्मीदवार बैजनाथ राम ने अपने हलफनामे में 4.55 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित की है. बैजनाथ राम खेती और मकान किराये से आय अर्जित करते हैं।दाखिल शपथपत्र के अनुसार उनके पास 14 एकड़ जमीन है. इसके अलावा उनके नाम 1.12 करोड़ रुपये मूल्य की पांच गाड़ियां दर्ज हैं। वहीं उन पर 66.86 लाख रुपये का कर्ज भी है.
जेएमएम विधायक बने बैजनाथ राम के नामांकन प्रस्तावक
राज्यसभा चुनाव में जेएमएम प्रत्याशी बैजनाथ राम को पार्टी का मजबूत समर्थन मिला है। उनके नामांकन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के 20 विधायक प्रस्तावक बने.पहले सेट में हेमंत सोरेन के साथ स्टीफन मरांडी, मथुरा प्रसाद महतो, उदय शंकर सिंह, लुईस मरांडी, सविता महतो, समीर कुमार मोहंती, अनंत प्रताप देव, जिग्गा सुसारन होरे और संजीव सरदार शामिल थे।जबकि दूसरे सेट में बसंत सोरेन, हफीजुल हसन, सुदिव्य कुमार, उमाकांत रजक, धनंजय सोरेन, योगेंद्र प्रसाद, मोहम्मद ताजुद्दीन, आलोक कुमार सोरेन, सुदीप गुड़िया और राम सूर्या मुंडा ने प्रस्तावक के तौर पर हस्ताक्षर किए.
1.91 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं प्रणव झा
कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने अपने शपथपत्र में कुल 1.91 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति घोषित की है। 53 वर्षीय लाॅ ग्रेजुएट प्रणव झा अविवाहित हैं. हलफनामे के अनुसार उन पर किसी भी प्रकार का कर्ज नहीं है। उनके पास चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में संपत्तियां हैं. इसके अलावा उनके पास 2.95 लाख रुपये की महंगी घड़ी भी है.
कल्पना सोरेन समेत राजद और माले विधायकों ने किया प्रणव झा का समर्थन
कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा के नामांकन में महागठबंधन की एकजुटता देखने को मिली. कल्पना सोरेन समेत जेएमएम, राजद और माले विधायकों ने उनके प्रस्तावक के रूप में समर्थन दिया.पहले सेट में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, रामेश्वर उरांव, राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडे सिंह, भूषण बाड़ा, नमन विक्सल कोंगाड़ी, सुरेश बैठा, शिल्पी नेहा तिर्की, राजेश कच्छप और कुमार जयमंगल सिंह शामिल रहे.वहीं दूसरे सेट में कल्पना सोरेन, संजय प्रसाद यादव, सुरेश पासवान, मंगल कालिंदी, दीपक बिरुआ, निरल पूर्ति, भूषण तिर्की, सुखराम उरांव, नरेश प्रसाद सिंह और अरूप चटर्जी प्रस्तावक बने.
इसे भी पढ़े : धनबाद घटना पर आजसू का बड़ा ऐलान, 22 जून को निकलेगा आक्रोश मार्च
