Ranchi : झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. 81 सदस्यीय विधानसभा में इंडिया गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन है, ऐसे में दोनों सीटों पर गठबंधन की जीत की संभावना मजबूत मानी जा रही है. इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) में शिबू सोरेन परिवार की तीन महिला सदस्यों के नाम चर्चा में हैं. इनमें हेमंत सोरेन की बहन अंजली सोरेन, पत्नी कल्पना सोरेन और बसंत सोरेन की पत्नी लता सोरेन शामिल हैं.

शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई सीट को लेकर जेएमएम में मंथन तेज हो गया है. पार्टी के अंदर यह राय बन रही है कि सीट पर सबसे पहले सोरेन परिवार का दावा बनता है. इसी वजह से अंजलि सोरेन, कल्पना सोरेन और लता सोरेन के नाम संभावित उम्मीदवारों में शामिल बताए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़े : पेट्रोल ₹7.38 और डीजल ₹7.76 महंगा, रांची में बढ़ती कीमतों से लोग परेशान
राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में भी मंथन तेज हो गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू और पूर्व मंत्री आलमगीर आलम समेत कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं.सुबोधकांत सहाय की उम्र को देखते हुए पार्टी में उनके नाम पर संशय माना जा रहा है. पिछली बार उनकी बेटी यशस्विनी सहाय को चुनाव लड़ाया गया था, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिल सकी थी
वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर का नाम भी तेजी से उभर रहा है. लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन के बाद संगठन में उनकी पकड़ मजबूत मानी जा रही है.इसके अलावा धीरज प्रसाद साहू भी एक बार फिर राज्यसभा की दौड़ में बताए जा रहे हैं.
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रदीप बलमुचू भी राज्यसभा की दौड़ में सक्रिय बताए जा रहे हैं। हालांकि, पार्टी छोड़ने का पुराना रिकॉर्ड और हाल के दिनों में हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ दिए गए बयान उनकी राह मुश्किल बना सकते हैं.वहीं पूर्व मंत्री आलमगीर आलम का नाम भी चर्चा में है, लेकिन हाल ही में जेल से बाहर आने के कारण पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाने से बच सकती है.
इसके अलावा फुरकान अंसारी समेत कई मुस्लिम नेताओं के नामों पर भी विचार हो रहा है.दूसरी ओर उद्योगपति परिमल नाथवाणी एक बार फिर झारखंड से राज्यसभा जाने की कोशिश में बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह JMM से संपर्क साधने में जुटे हैं.
