RANCHI : राज्यभर में पेट्रोल की संभावित किल्लत की खबरों के बीच लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है. धनबाद में इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है, जहां कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो चुका है, जबकि कुछ जगहों पर केवल डीजल की बिक्री जारी है. दरअसल, प्रधानमंत्री Narendra Modi ने हाल ही में देशवासियों से अपील की थी कि अत्यावश्यक होने पर ही वाहनों का उपयोग करें और जहां संभव हो वर्क फ्रॉम होम अपनाएं. इस अपील के बाद लोगों के बीच पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर आशंका बढ़ गई. नतीजतन, बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों की टंकी फुल कराने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे.

कई पंपों पर खत्म हुआ स्टॉक
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कई लोगों ने डिब्बों और कंटेनरों में भी पेट्रोल जमा करना शुरू कर दिया. सामान्य दिनों की तुलना में मांग कई गुना बढ़ने से धनबाद के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से लंबी कतारें लग गईं. बाइक, कार और अन्य वाहनों की भीड़ के कारण कई पंपों का स्टॉक दोपहर तक खत्म हो गया और उन्हें अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा. इसका सबसे ज्यादा असर ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली वाहनों और रोजमर्रा के कामकाज करने वाले लोगों पर पड़ा. पेट्रोल भरवाने पहुंचे स्थानीय निवासी एमडी परवेज ने बताया कि वह 7-8 पेट्रोल पंपों का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन कहीं भी पेट्रोल उपलब्ध नहीं मिला.
इसे भी पढ़े : CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी, पास प्रतिशत में दर्ज हुई गिरावट
एक पेट्रोल पंप मैनेजर ने बताया कि घबराहट के कारण लगभग हर ग्राहक टंकी फुल करा रहा है, जिससे स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई खेप जल्द पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद आपूर्ति सामान्य हो जाएगी. पेट्रोल-डीजल डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि ईंधन की खपत कम करने की अपील के बाद लोगों में अनावश्यक घबराहट फैल गई. इसी वजह से अचानक मांग बढ़ी और कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी संकट की स्थिति बन गई. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि यह वास्तविक किल्लत नहीं है और शाम तक हालात सामान्य होने की उम्मीद है. एसोसिएशन के स्टेट कॉर्डिनेटर प्रदीप पॉल ने बताया कि सप्लाई में किसी तरह की वास्तविक समस्या नहीं है. रविवार को कार्यालय बंद रहने के कारण बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई, जिससे अस्थायी बाधा आई. उन्होंने कहा कि Bharat Petroleum, Hindustan Petroleum और Indian Oil Corporation के पास पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है.
प्रशासन और डीलर्स ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत से ज्यादा पेट्रोल जमा करने से बचें, ताकि आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े.
