RANCHI : महागामा थाना क्षेत्र के नयानगर गांव के समीप मंगलवार को पूर्व विधायक के निजी सहायक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की घटना सामने आई है. इस हमले में विजय शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक अशोक भगत के निजी सहायक विजय शर्मा बाइक से अपने घर से निकले थे. इसी दौरान नयानगर के पास काजेश शर्मा नामक व्यक्ति ने उन पर अचानक हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे विजय शर्मा के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं.

महागामा थाना क्षेत्र के नयानगर के पास वारदात
घायल विजय शर्मा ने बताया कि हमले के दौरान वह हेलमेट पहने हुए थे, जिसके कारण सिर पर गंभीर चोट लगने से बच गए. हालांकि आरोपी ने उनके दाहिने हाथ और पैर को निशाना बनाते हुए हमला किया. विजय शर्मा का कहना है कि हमला जान लेने की नीयत से किया गया. उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी के साथ उनका पहले किसी तरह का विवाद नहीं था.
इसे भी पढे़ : रांची के अरगोड़ा चौक पर देर रात बस पर फायरिंग, पुलिस ने खदेड़कर एक अपराधी को दबोचा
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले महागामा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और हमले के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है.
