RANCHI : रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में 21 दिन पहले हुए अभिजीत तिवारी उर्फ किट्टू हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज हत्या को मृतक के करीबी दोस्तों ने शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद अंजाम दिया था. मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल को टाटीसिलवे थाना क्षेत्र स्थित सिपाही पुल के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान अभिजीत तिवारी उर्फ किट्टू के रूप में हुई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी अमर पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.

रांची पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर तीन आरोपियों-विशाल राम, सन्नी मिंज और आकाश सुजय बेक – को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. जांच में खुलासा हुआ कि 18 अप्रैल की रात नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार बधवा ग्राउंड में आरोपी शराब पी रहे थे. इसी दौरान अभिजीत वहां पहुंचा और शराब मांगने लगा. मना करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि इसी दौरान तीनों ने मिलकर अभिजीत को जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
इसे भी पढ़े : झारखंड में बदला मौसम , 15 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट
हत्या के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए स्कूटी से करीब 3 किलोमीटर दूर सिपाही पुल के पास ले गए और मिलिट्री डेयरी फार्म के समीप फेंक दिया. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
