RANCHI : झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 रविवार को राजधानी रांची में आयोजित की जा रही है. परीक्षा के लिए जिले में 15 केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 7 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा दो पालियों में हो रही है. पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी. परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की है.

दो पालियों में होगी परीक्षा, केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा-163 लागू, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री और एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में बीएनएसएस की धारा-163 लागू की गई है. इस दौरान पांच या अधिक लोगों के एकत्र होने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग और किसी भी प्रकार की सभा पर रोक रहेगी.
इसे भी पढ़े : DSPMU छात्र संघ चुनाव को लेकर कैंपस में बढ़ी हलचल
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
