RANCHI : झारखंड में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है. सरकार चुनिंदा जिलों में मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण की योजना पर काम कर रही है, जिसमें हजारीबाग सबसे आगे माना जा रहा है. संभावना है कि हजारीबाग राज्य का पहला जिला होगा, जहां इस अत्याधुनिक खेल परिसर का निर्माण किया जाएगा. मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के जरिए खिलाड़ियों को बैडमिंटन, बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, स्विमिंग, राइफल शूटिंग समेत कई खेलों की आधुनिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन मिल सकेंगे.

राज्य सरकार ने खेल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने की दिशा में बढ़ाया कदम
हजारीबाग पहुंचे कला, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने जिला प्रशासन और खेल विभाग से प्रस्ताव मांगा है कि जिले में किस स्थान को इस परियोजना के लिए विकसित किया जा सकता है. नगर निगम ने भी आधुनिक मॉडल स्पोर्ट्स सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है. महापौर अरविंद राणा के अनुसार, शहर में दो स्थानों को इस परियोजना के लिए उपयुक्त माना जा रहा है. मौजूदा स्टेडियम परिसर और डीवीसी चौक के पास स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद ऑडिटोरियम सह इंडोर स्टेडियम. फिलहाल इंडोर स्टेडियम परिसर को लेकर ज्यादा गंभीरता से प्लानिंग की जा रही है.
इसे भी पढ़े : 21 दिन बाद सुलझा किट्टू हत्याकांड, शराब पार्टी के विवाद में दोस्तों ने की थी हत्या
प्रस्तावित परिसर में स्केटिंग रिंक, योग एवं ध्यान केंद्र, मल्टी-एक्टिविटी एरिया, ओपन जिम और रनिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं. साथ ही खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण एवं प्रतिभा विकास केंद्र भी स्थापित करने की योजना है, जहां अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा उच्चस्तरीय ट्रेनिंग दी जाएगी.
प्रशासन जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगा. जिसके बाद परियोजना को अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद है.
