RANCHI : झारखंड के कोडरमा जिले में शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया. सतगावां थाना क्षेत्र के नंदूडीह गांव में तेज बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, देर रात इलाके में तेज बारिश और गर्जन के साथ मौसम अचानक बिगड़ गया. इसी दौरान प्रदीप यादव के घर में उनकी पत्नी सरस्वती देवी (37), दिव्यांग पुत्र अंकित कुमार (15) और बुआ मुंद्रिका देवी (45) कमरे में खिड़की के पास बैठे हुए थे.
लोहे की खिड़की पर गिरी बिजली, करंट फैलते ही तीन की जान गई
बताया जा रहा है कि अचानक तेज आवाज के साथ बिजली घर की लोहे की खिड़की पर गिरी. लोहे की ग्रिल के जरिए करंट पूरे कमरे में फैल गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए. वज्रपात इतना तेज था कि मौके पर ही तीनों की मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें : JTET भाषा विवाद पर सरकार सख्त, पांच मंत्रियों की कमेटी गठित
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई. गांव में इस हादसे के बाद शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि जिस घर में कुछ दिन पहले खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है.
