GODDA : गोड्डा के महागामा थाना क्षेत्र के गम्हरिया के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल और हाईवा के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.मृतकों की पहचान सत्यम कुमार यादव (22 वर्ष), पिता चंद्रशेखर यादव, निवासी नुनाजोर और विपिन कुमार मंडल (30 वर्ष), पिता अनिल कुमार मंडल, निवासी धवाबै थाना सनोखर, जिला भागलपुर के रूप में हुई है. हादसा इतना भयावह था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही महागामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने हादसे में शामिल हाईवा को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है. शुरुआती अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह हो सकती है.
इसे भी पढ़ें : निजी जमीन की मापी और सीमांकन पर सीओ की कार्रवाई पर रोक
