RANCHI : झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़ी समस्याओं एवं कर्मचारियों की मांगों को लेकर नेता प्रतिपक्ष सह झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वर्तमान सेवा संचालन संस्था सम्मान फाउंडेशन पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कर्मचारियों के शोषण, श्रम कानूनों के उल्लंघन, वेतन भुगतान में अनियमितता तथा एम्बुलेंस सेवा की खराब स्थिति से संबंधित मुद्दों को विस्तार से रखा.
इसे भी पढ़ें : जेल से निकलने के बाद पूर्व मंत्री आलमगीर आलम बोले – सबको माफ किया
संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि राज्य में 108 एम्बुलेंस सेवा की स्थिति लगातार बदहाल होती जा रही है, जिससे आम लोगों और गंभीर मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से वार्ता का प्रयास कर रहे हैं. मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री से कई बार समय मांगा गया, लेकिन अब तक मुलाकात का अवसर नहीं मिला है.
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था का अहम हिस्सा है. यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और सेवा संचालन में हो रही अनियमितताओं पर कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे.
इसे भी पढ़ें : आदिवासी हितों को लेकर कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई, राज उरांव ने जताया आभार
मौके पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री सह प्रभारी झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ रामाशंकर प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी, विकास कुमार, राहुल कुमार महतो, शंकर कुमार, रंजन पांडे एवं राहुल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे.
