RANCHI : रामगढ़ की चुट्टूपालू घाटी में रविवार को दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद एक ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक और खलासी केबिन के अंदर फंस गए. दोनों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और रेस्क्यू टीम जुटी हुई है.
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या BR 02 GE 6688 रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा था. इसी दौरान चुट्टूपालू घाटी में उसने आगे चल रहे ट्रेलर संख्या NL 01 AB 2576 को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. बताया जा रहा है कि पीछे चल रहे ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
केबिन में फंसे चालक और खलासी, क्रेन से निकाला जा रहा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा. ट्रेलर के क्षतिग्रस्त केबिन में चालक और खलासी फंसे हुए हैं. दोनों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है. केबिन को काटकर उन्हें बाहर निकालने का प्रयास जारी है.
हादसे के बाद घाटी में लगा जाम
दोनों ट्रेलरों की टक्कर के बाद चुट्टूपालू घाटी में वाहनों की लंबी कतार लग गई. बचाव कार्य के चलते पुलिस ने एक लेन बंद कर दी है, जबकि दूसरी लेन से वाहनों को निकाला जा रहा है. इससे रांची-रामगढ़ मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है.
चुट्टूपालू घाटी में भारी वाहनों के ब्रेक फेल होने और अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. इस हादसे ने एक बार फिर घाटी में भारी वाहनों की सुरक्षित आवाजाही और ब्रेक की जांच को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
