RANCHI : रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं. जांच के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है.
शुरुआती जांच में बोकारो के कुछ युवकों की संलिप्तता सामने आने के बाद रांची पुलिस की एक टीम बोकारो पहुंची.
इसे भी पढ़ें : 61 स्थानों की पहचान,सरकारी जमीनों पर शुरू होगा विकास कार्य
मामले को लेकर एसएसपी राकेश रंजन ने बोकारो एसपी से भी बातचीत की है. बोकारो पुलिस ने जांच में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड और टेक्निकल सेल को लगाया गया था.
टेक्निकल टीम ने घटनास्थल के आसपास का कॉल डंप विश्लेषण किया, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान हुई और तीन युवकों को हिरासत में लिया गया.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला बीते रविवार का है. तुपुदाना ओपी क्षेत्र के सिरी गांव के पास सड़क पर एक महिला का शव मिला था. मृत महिला अरगोड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी.
शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी थी, जिसके बाद तुपुदाना पुलिस और हटिया डीएसपी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और टेक्निकल टीम को भी जांच में लगाया गया.
जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे संकेत मिले जिससे यह मामला सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का प्रतीत हुआ.
दुर्घटना का रूप देने की कोशिश
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या के बाद शव को वाहन से कुचलकर सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी.
घटनास्थल पर शव सड़क के बीचों-बीच पड़ा मिला था. महिला का चेहरा और कमर बुरी तरह क्षतिग्रस्त था.
जांच के दौरान सड़क किनारे झाड़ियों में ऐसे सबूत मिले हैं जो महिला के साथ दरिंदगी की ओर इशारा करते हैं.
आशंका जताई जा रही है कि पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसे पास की चट्टान के पास ले जाकर हत्या कर दी गई.
इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को सड़क पर फेंककर वाहन से कुचल दिया गया.फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है.
इसे भी पढ़ें : झामुमो सांसद ने कहा- हमने भारत रत्न की भी मांग की थी, लेकिन हर सम्मान महत्वपूर्ण
