RANCHI / DEOGHAR : सावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार ने देवघर और बासुकीनाथ के लिए हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने का फैसला किया है. इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने आदेश जारी कर दिया है.

सरकार की ओर से बेल-407 हेलिकॉप्टर के माध्यम से यह सेवा संचालित की जाएगी. श्रद्धालु अग्रिम टिकट बुकिंग कर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे.
चार तरह के हेलिकॉप्टर पैकेज होंगे उपलब्ध
श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए चार अलग-अलग हेलिकॉप्टर पैकेज उपलब्ध कराए गए हैं. इनमें आकाशीय दर्शन से लेकर देवघर और बासुकीनाथ के बीच यात्रा की सुविधा भी शामिल है.
| पैकेज | उड़ान अवधि | प्रति व्यक्ति किराया |
|---|---|---|
| देवघर आकाशीय परिदर्शन | 7 से 10 मिनट | 2,850 रुपये |
| बासुकीनाथ आकाशीय परिदर्शन | 7 से 10 मिनट | 2,850 रुपये |
| देवघर विशेष परिदर्शन | 10 से 15 मिनट | 3,750 रुपये |
| देवघर से बासुकीनाथ (एकतरफा) | लगभग 15 मिनट | 4,500 रुपये |
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था
हेलिकॉप्टर सेवा के सुचारु संचालन के लिए कैप्टन अमितेष आनंद को देवघर में विभागीय प्रतिनिधि बनाया गया है. वे अस्थायी हेलीपैड, टिकट बुकिंग काउंटर, अस्थायी कार्यालय, प्रचार-प्रसार और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे.
इसके अलावा देवघर के उपायुक्त को हेलीपैड, टिकट काउंटर, विभागीय प्रतिनिधि के लिए वाहन तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं.
सावन में यात्रा होगी और आसान
झारखंड सरकार का मानना है कि हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को कम समय में बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ के दर्शन करने की सुविधा मिलेगी. खासकर बुजुर्गों, दिव्यांग श्रद्धालुओं और कम समय में यात्रा पूरी करने वाले भक्तों के लिए यह सेवा काफी लाभदायक होगी साबित.
