Ranchi : गढ़वा जिले के मझिआंव और आसपास के इलाकों में जनरल स्टोर एवं परचून दुकानों में खुलेआम पेट्रोल बेचे जाने की शिकायत पर प्रशासन ने कार्यवाई करते हुए. सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने टीम के साथ कई दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान पेट्रोल भंडारण और बिक्री से जुड़े मामलों की जांच की गई. प्रशासन ने कहा कि बिना अनुमति पेट्रोल बेचने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

छापेमारी में सात दुकानों में अवैध पेट्रोल बिक्री का खुलासा हुआ. एसडीएम के निर्देश पर पांच दुकानों को तत्काल बंद कर सील कर दिया गया। वहीं, एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान रामसागर राम, सुकृत मेहता, उमेश मेहता, सतीश कुमार पांडेय, राधाकृष्ण मेहता, सुभाष मेहता तथा प्रमोद प्रसाद केसरी के नाम सामने आए हैं. पूछताछ में दुकानदारों ने जिन पेट्रोल पंपों से पेट्रोल उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी है, प्रशासन अब उन पेट्रोल पंपों की भी जांच कर रहा है.
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि अवैध रूप से पेट्रोल बेचने के मामले में संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को शो-कॉज नोटिस जारी किए जा रहे हैं. पूरे रैकेट में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही, क्षेत्र में इस धंधे पर रोक लगाने में लापरवाही बरतने के आरोप में कई अधिकारियों से भी जवाब-तलब किया गया है.
एसडीएम संजय कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी आपात स्थिति, अग्निकांड या संभावित दुर्घटना से बचने के लिए केवल अधिकृत पेट्रोल पंपों से ही ईंधन खरीदें. उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि अगर उनके आसपास कहीं भी इस तरह अवैध रूप से बोतलों में पेट्रोल बेचा जा रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें जिससे कि समय रहते कार्रवाई की जा सके
