L19 Desk : राजधानी रांची स्थित सिरमटोली फ्लाईओवर मामले में अब आदिवासी अगुवाओं ने राजभवन का रुख किया है। राज्यपाल के नाम चिट्ठी लेकर उन्होंने संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। यह पत्र केंद्रीय सरना समिति के मुख्य पाहन जगलाल पाहन, अध्यक्ष बबलू मुंडा, महासचिव अशोक उरांव द्वारा राज्यपाल संतोष गंगवार के नाम लिखी गयी है।
इसमें कहा गया है कि आदिवासी समाज का रांची में केंद्रीय सरना पूजा स्थल सिरमटोली स्थित मुख्य द्वार के सामने फ्लाईओवर के रैंप का निर्माण कार्य चल रहा है। उस निर्माण कार्य से केंद्रीय सरना पूजा स्थल का आवागमन का रास्ता बहुत ही संकीर्ण हो रहा है, जिससे सरहुल शोभा यात्रा में हजारों अखाड़ों के लाखों लोग जिसमें बच्चे, वयस्क, महिला, पुरुष, बुज़ुर्ग पहुंचते हैं।
पूजा अखाड़ा का एकमात्र रास्ता होने के कारण कोई भी अप्रिय घटना की पूरी संभावना बनती है। ऐसे में केंद्रीय सरना समिति की मांग है कि मुख्य द्वार के आगे सिरमटोली चौक के पार रैंप का निर्माण किया जाये, ताकि सरना स्थल का मुख्य मार्ग स्वतंत्र रूप से खुला रह सके। लिहाज़ा रैंप निर्माण कार्य को अविलंब बंद कराकर उसे हटाये जाने की मांग की गयी है।