RANCHI : रांची में रविवार को आयोजित SSC GD Constable भर्ती परीक्षा में हाईटेक चीटिंग का बड़ा मामला सामने आया है. राजधानी के पिस्का मोड़ और पंडरा स्थित ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में पुलिस ने छह अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि परीक्षा के दौरान रिमोट एक्सेस तकनीक के जरिए बाहर बैठा सॉल्वर गैंग प्रश्न पत्र हल कर रहा था. मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने कंप्यूटर सिस्टम जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार पहली शिफ्ट की परीक्षा के दौरान इन्वीजिलेटर को कुछ अभ्यर्थियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. जांच में पता चला कि कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रश्न खुद-ब-खुद सॉल्व हो रहे थे. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची रांची पुलिस ने छह अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया. इनमें पांच बिहार के और एक कोडरमा का बताया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : JPSC बैकलॉग प्रारंभिक परीक्षा आज, रांची के 15 केंद्रों पर 7 हजार अभ्यर्थी शामिल
पूछताछ में गिरफ्तार अभ्यर्थियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने परीक्षा पास कराने के लिए बिहार में सक्रिय सॉल्वर गैंग से संपर्क किया था. पुलिस जांच में सामने आया है कि हरियाणा का दीपक शर्मा इस पूरे नेटवर्क का सरगना है. आरोप है कि उसने बिहार के एक सरकारी कर्मचारी रमेश के जरिए परीक्षा केंद्र के अधिकारियों से सेटिंग की थी.
पुलिस के मुताबिक सेंटर अधीक्षक राकेश कुमार, सेंटर मालिक सौरभ आनंद, आईटी मैनेजर अजीत और इलेक्ट्रिशियन सोनू की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है. आशंका है कि सेंटर के सिस्टम में रिमोट एक्सेस एप इंस्टॉल कर बाहर बैठे सॉल्वर को कंप्यूटर कंट्रोल दिया गया था.तकनीकी जांच में यह भी सामने आया है कि TeamViewer, AnyDesk या अन्य रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर के जरिए परीक्षा सिस्टम को ऑपरेट किया जा सकता है. इसके लिए सेंटर के एडमिन या आईपी हैंडलर की मदद जरूरी होती है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सिस्टम में सुरक्षा के बावजूद रिमोट एक्सेस कैसे एक्टिव हुआ.
गिरफ्तार अभ्यर्थियों ने बताया कि सॉल्वर गैंग से 10-10 लाख रुपए में डील हुई थी. हर उम्मीदवार ने एक-एक लाख रुपए एडवांस दिए थे. साथ ही उनके ओरिजिनल डॉक्यूमेंट भी गिरोह ने अपने पास रख लिए थे. रिजल्ट आने के बाद बाकी रकम देने की बात तय हुई थी.इस भर्ती परीक्षा के जरिए BSF, CISF, CRPF, SSB, ITBP और Assam Rifles में कुल 25487 GD कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती होनी है. परीक्षा 27 अप्रैल से चल रही है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड में बदला मौसम , 15 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट
