RANCHI : राजधानी के मोरहाबादी में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मी को कुचलकर भागने वाले थार चालक को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरियातू निवासी विश्राम उरांव के रूप में हुई है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार वाहन को भी जब्त कर लिया है.
इसे भी पढ़ें : झारखंड की सभी सड़कों की होगी जियो टैगिंग, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश ; सड़क निर्माण और मरम्मत की होगी डिजिटल निगरानी
बीते 14 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे मोरहाबादी के प्राइम पार्क के पास पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध काले रंग की महिंद्रा थार पर पड़ी.
वाहन में ब्लैक फिल्म लगी थी, विंडशील्ड टूटी थी और पीछे का नंबर प्लेट मिट्टी से ढका हुआ था.जब पेट्रोलिंग टीम ने वाहन रोकने का इशारा किया तो चालक ने तेज गति से भागने की कोशिश की.
इसी दौरान उसने पेट्रोलिंग वाहन के चालक को टक्कर मार दी. टक्कर से चालक जमीन पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसे में पेट्रोलिंग वाहन चालक के सिर में चोट आई और डॉक्टरों ने 5 टांके लगाए. अब उसकी हालत खतरे से बाहर है.
घटना के बाद पुलिस ने वाहन का नंबर ट्रेस कर प्राथमिकी दर्ज की और छापेमारी कर आरोपी विश्राम उरांव को गिरफ्तार कर लिया.
रांची पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि चेकिंग के दौरान वाहन रोकने का इशारा मिलने पर सहयोग करें. पुलिस का कहना है कि ऐसे जांच अभियान आम जनता की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए नियमित किए जाते हैं.
इसे भी पढ़ें : JPSC आंदोलन को दुखनी सोरेन का समर्थन, 5 दिन का अल्टीमेटम
