KHUNTI/RANCHI : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उनकी जन्मस्थली उलिहातू से शुक्रवार को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ. भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय पदयात्रा को भगवान बिरसा मुंडा के वंशज ने पारंपरिक झंडा दिखाकर रवाना किया. यात्रा के शुभारंभ के मौके पर उलिहातू में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला.

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धासुमन अर्पित कर हुई. इस दौरान उनके वंशजों को सम्मानित भी किया गया. पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन और गंगोत्री कुजूर समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी नेताओं ने धरती आबा के संघर्ष, बलिदान और अंग्रेजी शासन के खिलाफ उनके ऐतिहासिक उलगुलान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.
बिरसा मुंडा के विशेष रथ के साथ निकली पदयात्रा
इस राष्ट्रीय जनजातीय गौरव यात्रा का प्रमुख आकर्षण भगवान बिरसा मुंडा का विशेष रथ और उस पर स्थापित उनकी प्रतिमा है. यह रथ यात्रा के साथ आगे बढ़ेगा और जनजातीय समाज के संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली इतिहास का संदेश देगा. यात्रा के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
उलिहातू से खूंटी तक 28 किलोमीटर की पदयात्रा
राष्ट्रीय जनजातीय गौरव यात्रा के पहले दिन उलिहातू से खूंटी तक लगभग 28 किलोमीटर की पदयात्रा निर्धारित की गई है. यात्रा का पहला पड़ाव खूंटी स्थित भाजपा जिला कार्यालय होगा, जहां पहले दिन की यात्रा का विश्राम होगा. इसके बाद पदयात्रा अगले पड़ावों की ओर आगे बढ़ेगी. तीन दिवसीय यह यात्रा उलिहातू से शुरू होकर रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल तक पहुंचेगी. 15 नवंबर को उनकी जयंती के अवसर पर समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ यात्रा का समापन होगा.
जनजातीय गौरव और उलगुलान के इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से आयोजित इस पदयात्रा का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्षों और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को व्यापक स्तर पर पहुंचाना है. भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण, अत्याचार और अन्याय के खिलाफ ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया था. जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष आज भी आदिवासी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है. यात्रा के जरिए जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और उनके बलिदान को याद करने के साथ नई पीढ़ी को उनके इतिहास से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
15 नवंबर को मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस
भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था. उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज को संगठित किया और ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया. उनके योगदान और बलिदान को सम्मान देने के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 से उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की. इस दिन देशभर में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और आदिवासी समाज के ऐतिहासिक योगदान को याद किया जाता है. धरती आबा का संघर्ष, उनके विचार और जल-जंगल-जमीन की रक्षा का संदेश आज भी देश के जनजातीय समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित होने की प्रेरणा देता है.
इसे भी पढ़े : नहीं रहे बसीर अंसारी..नागपुरी संगीत जगत में शोक, दूध बेचने से सिंगर बनने तक ऐसा रहा सफर
