LOHARDAGA/RANCHI : नागपुरी संगीत जगत से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर नागपुरी गायक बसीर अंसारी का निधन हो गया है. वे लोहरदगा जिले के लोहरदगा प्रखंड स्थित हिरही गांव के रहने वाले थे. मिली जानकारी के अनुसार, अचानक सीने में दर्द उठने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हृदय गति रुकने से उनका निधन हुआ. उनके निधन की खबर मिलते ही लोहरदगा समेत नागपुरी संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई.
बसीर अंसारी नागपुरी संगीत के चर्चित कलाकारों में शामिल थे. अपनी खास आवाज और अलग अंदाज की गायकी के दम पर उन्होंने संगीत प्रेमियों के बीच अपनी पहचान बनाई थी. उनके कई गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं. ‘चाचा भतीजा’, ‘ठेथरा पट्टे’, ‘ऐ रे मांझी ले चल नदिया के पार’, ‘चल भौजी रोपा रोपे’ और ‘स्कूल के पीछे पीपल के नीचे’ जैसे गीतों ने उन्हें लोकप्रियता दिलाई.
चल भौजी रोपा रोपे’ से मिली थी खास पहचान
बसीर अंसारी के संगीत सफर की शुरुआत काफी संघर्षपूर्ण रही. बताया जाता है कि ‘चल भौजी रोपा रोपे’ उनका पहला एल्बम था. साल 1992 में इस गाने के रिलीज होने के बाद उनका पहला कॉन्सर्ट आयोजित हुआ था. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. यह उनके संगीत करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ.
उनका सफर सिर्फ गायकी तक सीमित नहीं था. गायक के रूप में पहचान बनाने से पहले वे दूध बेचने का काम करते थे. खास बात यह थी कि दूध बेचते समय भी वे गाने गुनगुनाया करते थे. परिवार की ओर से काम करने की सलाह मिलने पर उन्होंने कबाड़ी का काम भी शुरू किया और उसमें अच्छी कमाई की. इसके बाद उनका जुड़ाव सिनेमा हॉल से हुआ, जहां उन्होंने टिकट बेचने का काम भी किया.
इन तमाम जिम्मेदारियों के बावजूद संगीत के प्रति उनका जुनून कभी कम नहीं हुआ. धीरे-धीरे उनकी गायकी लोगों के बीच लोकप्रिय होने लगी और वे नागपुरी संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाने में सफल रहे.
मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और महेंद्र कपूर को मानते थे गुरु

बसीर अंसारी ने गायकी की कोई बड़ी औपचारिक ट्रेनिंग नहीं ली थी. उन्होंने पुराने गानों को सुन-सुनकर संगीत सीखा. वे मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और महेंद्र कपूर को अपना गुरु मानते थे. इन तीनों महान गायकों की गायकी से उन्होंने काफी कुछ सीखा.
वहीं, नागपुरी संगीत के कलाकार देवदास विश्वकर्मा की गायकी और उनके अंदाज का भी बसीर अंसारी पर प्रभाव रहा. उन्होंने उनसे गायकी की बारीकियां सीखीं. यही वजह रही कि उनकी आवाज और गायकी का अपना अलग अंदाज बन गया.
‘लड़की नंबर वन’ गाने को झारखंड से बाहर भी मिली लोकप्रियता

बसीर अंसारी के लोकप्रिय गीतों में ‘लड़की नंबर वन’ भी शामिल रहा. उनका यह रोमांटिक गाना झारखंड के अलावा मुंबई और असम जैसे क्षेत्रों में भी पसंद किया गया. इसके अलावा ‘हम हैं परदेसी गोरी रे’, ‘कहां से आया बेमौसम’, ‘टेम्पू वाला तोर माई के’, ‘गुमला कर ए गोरिया’, ‘मुख तोरा दिसे’ और ‘अंखिया मिलाय गोरी दिल के चुराई लेले’ जैसे गाने भी उनके संगीत सफर का हिस्सा रहे. 8 मई 2025 को लोहरदगा के किस्को में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी उन्होंने अपनी प्रस्तुति दी थी. मंचीय कार्यक्रमों के जरिए उनका जुड़ाव नागपुरी संगीत प्रेमियों के साथ लगातार बना रहा.
चुनाव प्रचार में भी गूंजती थी बसीर अंसारी की आवाज
बसीर अंसारी की पहचान सिर्फ मनोरंजन के गीतों तक सीमित नहीं थी. वे विभिन्न चुनावों के दौरान राजनीतिक दलों के लिए भी प्रचार गीत तैयार करते थे और अपनी आवाज देते थे. उनके गाए चुनावी गीतों के माध्यम से राजनीतिक दल आम लोगों तक अपना संदेश पहुंचाते थे. नागपुरी गीत-संगीत में उनकी विशेष पकड़ थी. स्थानीय भाषा, संस्कृति और आम लोगों की जिंदगी से जुड़े गीतों को अपनी आवाज देकर उन्होंने अलग पहचान बनाई थी.
क्षेत्र ने खोया एक प्रतिभाशाली कलाकार
बसीर अंसारी खुशदिल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे. उनके निधन से हिरही गांव, लोहरदगा और नागपुरी संगीत जगत ने एक प्रतिभाशाली कलाकार खो दिया है. उनके निधन पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है.शोक व्यक्त करने वालों में सांसद सुखदेव भगत, पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू, नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष बलराम साहू, सूरज अग्रवाल, ओमप्रकाश सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, वीके बालाजिन्पा समेत अन्य लोग शामिल हैं.
बसीर अंसारी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके गाए गीत हमेशा नागपुरी संगीत प्रेमियों की यादों में जिंदा रहेंगे. उनका संघर्ष और संगीत के प्रति जुनून आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा.
