RANCHI : झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार (24 जून) को राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और कई स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी रांची समेत दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। वहीं कुछ क्षेत्रों में वज्रपात को लेकर भी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़े : तुपुदाना महिला हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पुलिस ने तीन युवक हिरासत में

आज कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक झारखंड में मानसूनी गतिविधियां लगातार मजबूत हो रही हैं। राज्य में मानसून के विस्तार के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं, जिसके कारण रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. बारिश के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि पलामू और आसपास के कुछ इलाकों में उमस बनी रह सकती है, लेकिन आने वाले 24 घंटों के दौरान मौसम के और सुहावना होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि गरज-चमक और वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। वहीं किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
