RANCHI : झारखंड में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है. पिछले कई दिनों से जारी तपिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग (IMD) ने 25 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी-तूफान, गरज के साथ बारिश और वज्रपात की प्रबल संभावना जताई है. इसे लेकर विभाग ने ‘ऑरेंज’ और ‘येलो’ अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
गर्मी ने किया बेहाल
अप्रैल के अंतिम दिनों में झारखंड के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं. पिछले 24 घंटों में पलामू 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा. वहीं बोकारो में 43.5 डिग्री और जमशेदपुर में तापमान 41 डिग्री के पार दर्ज किया गया. राजधानी रांची में भी पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है.
अब बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश, गरज और वज्रपात की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
