RANCHI : बोकारो ट्रेजरी से अवैध निकासी मामले की जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी को एक और बड़ी सफलता मिली है. टीम ने बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त एएसआई अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार किया है. जांच में उसका नाम पहले से गिरफ्तार लेखापाल कौशल कुमार पांडेय से जुड़ा पाया गया है. सीआईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि कौशल कुमार पांडेय के बैंक खाते से अशोक कुमार भंडारी के अकाउंट में करीब 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे. आरोप है कि दोनों ने मिलकर गलत तरीके से टीए बिल पास कर अवैध निकासी की. जांच एजेंसी के मुताबिक, वर्ष 2020 से अब तक अशोक कुमार भंडारी के बैंक खाते से 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का लेनदेन हुआ है. इस संबंध में सीआईडी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है.

सीआईडी स्तर पर जांच कर पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है : भाजपा
इसे भी पढ़े : बिना अवकाश मुख्यालय छोड़ने पर 5 IPS अधिकारियों को शोकॉज
बोकारो और हजारीबाग ट्रेजरी घोटाले के सामने आने के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए सीआईडी की विशेष जांच टीम गठित की थी. इस एसआईटी का नेतृत्व आईजी पंकज कंबोज कर रहे हैं. मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. भाजपा लगातार आरोप लगा रही है कि सीआईडी स्तर पर जांच कर पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है.
इससे पहले 27 अप्रैल को एसआईटी ने सतीश कुमार को गिरफ्तार किया था. वह गृह रक्षक वाहिनी से जुड़ा है और बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त था. जांच में उसके बैंक खाते में करीब 1.06 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ था. उसका संबंध भी मुख्य आरोपी लेखापाल कौशल कुमार पांडेय से सामने आया था. मामले में सीआईडी ने 43 लाख रुपये की राशि को होल्ड और फ्रीज कर दिया था.
