RANCHI : झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश और हिमालयी क्षेत्रों से पश्चिम बंगाल की ओर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर राज्य में साफ दिखाई दे रहा है. यही वजह है कि 17 मई तक झारखंड के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है. दिन में गर्मी और उमस रहेगी, लेकिन दोपहर बाद मौसम अचानक करवट ले सकता है.
इसे भी पढ़ें : रांची से लापता मासूम अदिति का अब तक नहीं मिला सुराग,सूचना देने पर 50 हजार का इनाम
12 मई को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
12 मई को रांची समेत खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है. इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इसके साथ गरज-चमक, वज्रपात और बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
इसके अलावा पलामू और गढ़वा को छोड़कर राज्य के बाकी जिलों में भी तेज हवाओं और बारिश की संभावना है. इन क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इसे भी पढ़े : 8.52 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, झारखंड CID ने यूपी के मिर्जापुर से आरोपी को दबोचा
13 मई को भी जारी रहेगा असर
13 मई को भी कई जिलों में खराब मौसम का असर देखने को मिलेगा. रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर और दुमका में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
14 और 15 मई को भी मौसम रहेगा सक्रिय
14 मई को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर बाकी जिलों में दोपहर बाद मौसम बदल सकता है. बादल छाने, तेज हवा चलने और बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
इसे भी पढ़े : कोडरमा के अंशुमान सिंह ने रचा इतिहास, UPSC IFS 2025 में AIR-2 हासिल कर बढ़ाया जिले का मान
वहीं 15 मई को पूरे झारखंड में मौसम खराब रहने के आसार हैं. राज्यभर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है.
