PALAMU : जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र स्थित भगत तेंदुआ गांव में तिलक समारोह उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग की गई. इस घटना में एक पंडित समेत दो लोगों को गोली लग गई. दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए हरिहरगंज पूर्वी के पूर्व मुखिया सरोज मेहता को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके लाइसेंसी हथियार को भी जब्त कर लिया है.
इसे भी पढे़ : झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

पुलिस ने लाइसेंसी हथियार जब्त कर शुरू की जांच
हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि भगत तेंदुआ गांव में राहुल रजक के घर तिलक समारोह आयोजित था. इसी दौरान समारोह में मौजूद लोगों के बीच पूर्व मुखिया ने लाइसेंसी हथियार से हर्ष फायरिंग कर दी, जिससे दो लोग घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खैरादोहर से भी कई लोग तिलक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम के बीच अचानक हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
इसे भी पढे़ : झारखंड में राजनीतिक हलचल तेज, कांग्रेस के भीतर उठी सरकार छोड़ने की आवाज से बढ़ी अटकलें
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. साथ ही जब्त हथियार के लाइसेंस को रद्द करने के लिए संबंधित विभाग को अनुशंसा भेजी जाएगी. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
