RANCHI : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) की प्रक्रिया 20 जून 2026 से शुरू होने जा रही है. निर्वाचन आयोग ने इसके लिए विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है. यह अभियान 7 अक्टूबर 2026 तक चलेगा, जिसके तहत मतदाताओं का सत्यापन, सूची में सुधार और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा.
निर्वाचन आयोग ने SIR के तीसरे चरण में झारखंड सहित 16 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों को शामिल किया है. इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाना है.
30 जून से घर-घर पहुंचेगा BLO, 5 अगस्त को जारी होगी प्रारूप सूची
आयोग के अनुसार 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे. इस दौरान नाम, पता और अन्य जानकारियों की जांच की जाएगी तथा जरूरी सुधार भी दर्ज किए जाएंगे. राज्य में 5 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी. इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी. आयोग 3 अक्टूबर 2026 तक इन सभी मामलों का निपटारा करेगा.
7 अक्टूबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची
दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. चुनाव आयोग का कहना है कि इस अभियान से चुनाव प्रक्रिया को अधिक निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी. SIR फेज-III के तहत देशभर में लगभग 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए –
- 3.94 लाख से अधिक BLO तैनात किए जाएंगे
- 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) लगाए जाएंगे
- राजनीतिक दलों से भी प्रत्येक बूथ पर BLA नियुक्त करने की अपील की गई है
इसे भी पढ़ें : आदिवासी हितों को लेकर कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई, राज उरांव ने जताया आभार
झारखंड में 2.64 करोड़ मतदाता होंगे शामिल, मतदान केंद्रों का होगा पुनर्गठन
झारखंड में कुल 2 करोड़ 64 लाख 89 हजार 777 मतदाताओं का सत्यापन होगा. इसके लिए राज्यभर में 29,571 BLO तैनात किए जाएंगे, जबकि राजनीतिक दलों की ओर से 21,644 BLA लगाए जाएंगे. इस अभियान के दौरान मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी किया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया को और अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाया जा सके. इन राज्यों में बाद में जारी होगा कार्यक्रमनिर्वाचन आयोग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में फिलहाल SIR कार्यक्रम लागू नहीं किया गया है. वहां मौसम और जनगणना प्रक्रिया को देखते हुए बाद में शेड्यूल जारी किया जाएगा.
