RANCHI : झारखंड में लंबे इंतजार के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (J-TET) का आयोजन होने जा रहा है. करीब नौ साल बाद 1 नवंबर को होने वाली इस परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. एडमिट कार्ड में अभ्यर्थी के परीक्षा केंद्र, परीक्षा की तारीख, समय और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज होगी. इसलिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उसमें दी गई सभी जानकारी ध्यान से जांचने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़े : SIR को लेकर JMM का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: रांची में फूंका पुतला
अभ्यर्थियों की पसंद के आधार पर मिलेगा परीक्षा केंद्र
J-TET के आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र को लेकर प्राथमिकता मांगी गई थी. अभ्यर्थियों को अपने गृह जिले को छोड़कर राज्य के किसी भी जिले को परीक्षा केंद्र के रूप में चुनने का विकल्प दिया गया था. अब केंद्रों का आवंटन अभ्यर्थियों की इसी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.
एक हजार से ज्यादा केंद्रों पर होगी परीक्षा
बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए राज्यभर में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र तैयार किए गए हैं. परीक्षा केंद्रों पर भीड़ नियंत्रण, बैठने की व्यवस्था और परीक्षा के सुचारु संचालन को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.
CCTV कैमरों की निगरानी में होगी परीक्षा
J-TET में पारदर्शिता बनाए रखने और कदाचार पर रोक लगाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की जा रही है. जिन केंद्रों पर पहले से CCTV उपलब्ध नहीं हैं, वहां परीक्षा से पहले कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं.
2016 के बाद अब हो रही है परीक्षा
झारखंड में पिछली J-TET परीक्षा वर्ष 2016 में आयोजित हुई थी. इसके बाद परीक्षा नहीं होने के कारण शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा. अब करीब नौ साल बाद 1 नवंबर को परीक्षा होने जा रही है, जिससे लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा. अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे 15 अक्टूबर से JAC की आधिकारिक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड जरूर चेक करें और परीक्षा से संबंधित सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ें.
