RANCHI : राजधानी रांची में तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर अब ट्रैफिक पुलिस की सख्त नजर रहेगी. शहर की प्रमुख सड़कों पर लगाए गए स्पीड वायलेशन डिटेक्टर (SVD) कैमरे वाहनों की रफ्तार और नंबर प्लेट रिकॉर्ड करेंगे. निर्धारित गति सीमा पार करने पर वाहन का ऑनलाइन चालान जारी किया जा सकता है. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, जिन सड़कों पर 40 और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा तय की गई है, वहां इससे अधिक रफ्तार में वाहन चलाने पर कार्रवाई की जाएगी. नियम तोड़ने पर वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन चालान की जानकारी भेजी जाएगी.
पहली बार गलती पर 1,000 रुपये का चालान
निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने पर पहली बार 1,000 रुपये का चालान काटा जाएगा. वाहन के खिलाफ कितनी बार ट्रैफिक नियम तोड़ा गया है, इसका रिकॉर्ड भी रखा जाएगा. अगर किसी वाहन के खिलाफ 3 से अधिक चालान दर्ज होते हैं, तो ट्रैफिक पुलिस वाहन को जब्त करने की कार्रवाई भी कर सकती है. चालान का भुगतान नहीं करने की स्थिति में ट्रैफिक पुलिस या जिला परिवहन विभाग वाहन को ट्रैक करने की कार्रवाई कर सकता है.
SVD कैमरा कैसे करेगा काम?
SVD कैमरा सड़क से गुजरने वाले वाहन की गति रिकॉर्ड करेगा. इसके साथ ही कैमरा वाहन की नंबर प्लेट की पहचान करेगा. अगर वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में पाया जाता है, तो सिस्टम के जरिए ऑनलाइन चालान जारी किया जाएगा.चालान की जानकारी वाहन मालिक के मोबाइल पर भेजी जाएगी. इससे तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना आसान होगा.
इन इलाकों में SVD कैमरों की नजर
रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर और आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर SVD कैमरे लगाए हैं. इनमें शामिल हैं:
- खरसीदाग, रांची-टाटा मार्ग
- शहीद मैदान, धुर्वा
- रामपुर रिंग रोड से रांची सिटी रोड
- तिलता रिंग रोड से रांची सिटी रोड
- पिस्कामोड़ से रवि स्टील चौक
- पंडरा
- हिनू एयरपोर्ट रोड
- सैटेलाइट कॉलोनी से डिबडीह ब्रिज
- रांची कॉलेज प्ले ग्राउंड से स्टेट गेस्ट हाउस
- मेसरा रेलवे ओवरब्रिज से DPS ग्रेटर रांची
सड़क सुरक्षा के लिए कदम
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि SVD कैमरे लगाने का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना है. तेज रफ्तार के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और वाहन चालकों व राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है.ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की है.
इसे भी पढ़े : पाकुड़ में 95 लाख की सड़क कुछ महीनों में खराब, बाबूलाल मरांडी ने CM से जांच की मांग की
