RANCHI/HAZARIBAGH : हजारीबाग पुलिस ने ऑपरेशन भरोसा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बरामद 39 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए हैं. जिला मुख्यालय में आयोजित मोबाइल वितरण कार्यक्रम में जब लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिले, तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई.
अलग-अलग मामलों में गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की शिकायत मिलने के बाद उनकी तकनीकी जांच की गई. पुलिस टीम की कार्रवाई के बाद 39 मोबाइल फोन बरामद किए गए. सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए. बता दें कि हजारीबाग पुलिस ने 3 महीने में 178 बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया है.

ऑपरेशन भरोसा से मजबूत होगा पुलिस और जनता का रिश्ता
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने हजारीबाग पुलिस की इस पहल की सराहना की. इस मौके पर हजारीबाग एएसपी अमित कुमार ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत 39 मोबाइल फोन की रिकवरी कर अलग-अलग नागरिकों को वितरित किया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि ऑपरेशन भरोसा के जरिए लोगों के चेहरे पर मुस्कान वापस लौटती रहे.
पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ लोगों को उनका खोया मोबाइल वापस मिला, बल्कि पुलिस और आम लोगों के बीच भरोसा भी मजबूत हुआ है.
